धीरता ©अनिता सुधीर

 धीरता की नित परीक्षा

धैर्य डरता कब धमक से


ज्ञानियों की भीड़ कहती

अब सहें आलोचना क्या

तीस मारे ख़ाँ सभी हैं

बुद्धि दूजी सोचना क्या

मिर्च लगती जब अहं को

झूठ कहता फिर तमक से।।


सीख जब भी रार करती

भिनभिनाती मक्षिका है

पीर रोती फिर बिलख कर

क्रोध करती नासिका है

चीखता सा घाव रोया 

मात्र चुटकी भर नमक से।।


हैं मनुज की जातियाँ दो

सीखतीं या फिर सिखातीं

मर्म गहरा लुप्त होता

ये क्रियाएं जग चलातीं

अनवरत धर धीरता को

मुख दमकता फिर चमक से।।


©अनिता सुधीर आख्या

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आञ्जनेय छंद - हनुमान वंदना ©रश्मि शुक्ल 'किरण'

वो दौर ©सूर्यम मिश्र

अक्सर भूल जाते हैं ©दीप्ति सिंह

लेखनी स्थापना दिवस के उपलक्ष्य मेँ काव्य पाठ एवम मिलन समारोह ©अंजलि