गीत- भारतवर्ष ©प्रशान्त

 'संसार  ही  परिवार है',  यह  प्यार भारतवर्ष है  l

सम्पूर्ण मानव-जाति  का उद्धार भारतवर्ष है ll


पर्वत मुकुट, सागर चरण, कृषिक्षेत्र सुंदर मध्य में l

निर्झर, नदी, झीलें, सरोवर , कूप हैं सानिध्य में ll

भू-भाग मैदानी, पठारी , नग, मरुस्थल, वन कहीं l

जीवन-सुलभ पर्यावरण, रमणीय षट्-ऋतुएं यहीं ll

आकार  मानुष-सम अहा ! साकार भारतवर्ष  है  l

सम्पूर्ण  मानव-जाति  का  उद्धार भारतवर्ष  है ll


इतिहास साक्षी है  हमारे  पूर्वजों  के  ज्ञान  का l

वेदों, पुराणों, शस्त्र-शास्त्रों के महा-उत्थान का ll

अद्भुत  हड़प्पा और मोहनजोदड़ो  की  सभ्यता l

अवशेष में भी शेष है अनुपम, विलक्षण योग्यता ll

मापन दशमलव, शून्य आविष्कार भारतवर्ष  है  l

सम्पूर्ण  मानव-जाति  का  उद्धार  भारतवर्ष  है  ll


कोई बताए  स्वर्ण का पक्षी  रहा  आधीन  कब ?

लौटे सिकंदर , गजनवी , अँग्रेज खाली हाथ सब l

कुम्भा, शिवाजी, मौर्य, पृथ्वीराज का सम्मान हम l

साँगा, महाराणा, भगत, आजाद की संतान हम ll

'बालक भरत' की सिंह को ललकार भारतवर्ष है l

सम्पूर्ण मानव-जाति  का  उद्धार  भारतवर्ष  है  ll


अश्फ़ाक़, बिस्मिल,राजगुरु, हममें विवेकानन्द भी l

श्री राम पुरुषोत्तम जहाँ, श्री कृष्ण लीलानन्द भी ll

नानक, गुरू गोविन्द , झाँसी की महारानी  सहित l

हैं प्रेरणा के स्त्रोत गांधी, बुद्ध, स्वामी भय-रहित ll 

हर  धर्म पर विश्वास का  आधार  भारतवर्ष  है  l

सम्पूर्ण  मानव-जाति  का  उद्धार  भारतवर्ष  है  ll


हम सर्वकालिक विश्वगुरु, हर क्षेत्र के प्रतिमान हैं l

भाषा , कला , विज्ञान  एवं युद्ध के  विद्वान  हैं  ll

अनुकूलतम भूगोल अपना, दिव्यतम इतिहास है l

भारत सदा विजयी रहा अपना अटल विश्वास है ll

निज स्वार्थ से  परमार्थ का विस्तार भारतवर्ष है  l

सम्पूर्ण  मानव-जाति  का  उद्धार  भारतवर्ष  है  ll


~© प्रशान्त

टिप्पणियाँ

  1. राष्ट्र भावना से ओतप्रोत स्तुत्य गीत 🇮🇳🇮🇳

    जवाब देंहटाएं
  2. देश प्रेम से परिपूर्ण, ओजपूर्ण देशगीत 🙏🙏🇮🇳🇮🇳🇮🇳

    जवाब देंहटाएं
  3. इतिहास गाथा। बहुत खूबसूरती से बयां की है आपने। ☺️☺️

    जवाब देंहटाएं
  4. भारत माता के ऊपर सुन्दर रचना 🙏🙏

    जवाब देंहटाएं
  5. अत्यंत उत्कृष्ट एवं कालजयी गीत 👌👌👌👌👏👏👏👏🙏

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कविता- ग़म तेरे आने का ©सम्प्रीति

ग़ज़ल ©अंजलि

ग़ज़ल ©गुंजित जैन

पञ्च-चामर छंद- श्रमिक ©संजीव शुक्ला 'रिक्त'